नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत और चाचा व चाची घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बहाउद्दीनपुर गांव निवासी अंगद पासी की 18 वर्षीय बेटी सोनी अपनी मां माया, चाचा रामखेलावन व चाची के साथ अपने मामा नारायन की बेटी पुष्पा की शादी में शामिल होने के लिए शुक्रवार को अचलगंज के नेवन्ना गांव गई थी। शनिवार को सोनी अपने चाचा नारायण व चाची गुड्डी के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। चाचा व चाची घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतका के मौसेरे भाई प्रदीप रावत ने बताया कि सोनी चार भाई व बहनों मोनी, सोनू, मोनू में तीसरे नंबर की थी। दो भाई सूरत में रहकर नौकरी करते हैं। रामखेलावन दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। दो दिन पूर्व गांव आया था। हादसे के बाद मृतका की मां का रोकर बुरा हाल है। कोतवाल पवन सोनकर ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।