चकलवंशी। माखी में किशोरी व आसीवन में युवक का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने आत्महत्या करने की तहरीर दी है।
डीहा गांव निवासी बजरंगी की 13 वर्षीय बेटी वंशिका का शव देर शाम घर के मेन गेट के कुंडे से लटका मिला। पड़ोसियों के शोर मचाने पर घर के अंदर मौजूद परिजन शव देख बेहाल हो गए। पुलिस को परिजनों ने वंशिका द्वारा खुदकुशी करने की तहरीर दी। कारण पूछने पर परिजन अनजान रहे। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। आत्महत्या की तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बदुल्लाखेड़ा गांव निवासी गिरजाशंकर (27) का परिजनों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर वह घर से चला गया। दोपहर बाद उसका शव गांव से 500 मीटर दूर बाग में पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव लटका देख परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख बदहवास हो गए। मृतक दो भाई दो बहनों में सबसे छोटा था। दो वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। शव देख पत्नी माही व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।