सफीपुर के बह्मनान गांव में चोरी की घटना के बाद बिखरा सामान समेटता शिक्षक विश्वनाथ तिवारी। संवाद
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। अचलगंज में हिंदू युवा वाहिनी के संभाग संयोजक व सफीपुर में दो घरों को निशाना बना चोरों ने नगदी-जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। हिंदू युवा वाहिनी के संभाग संयोजक के घर चोरी की घटना पर एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने जांच की और अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पांच को शक के आधार पर थाने लाकर पूछताछ की।
बदरका चौकी से 100 मीटर दूर बैंक के सामने हिंदू युवा वाहिनी के संभाग संयोजक मनीष अवस्थी का घर है। रविवार शाम मनीष व उनके पिता रमेश परिवार के अन्य लोगों के साथ घर में ताला बंद कर चाचा राकेश अवस्थी की बेटी की शादी में गांव के ही गेस्ट हाउस चले गए। घर सूना देख मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने नगदी-जेवर समेत लाखों का सामान पार कर दिया। देर रात घर पहुंचे परिजनों ने अलमारी का लॉकर व बक्से खुले देखे। मनीष ने पुलिस को तहरीर देकर 11 लाख के जेवर व 3.50 लाख की नगदी चोरी की बात कही है। एएसपी शशिशेखर सिंह, सीओ बीघापुर डीपी सिंह व एसओ राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की।
बह्मनान गांव निवासी गुड्डन रविवार रात पत्नी व बच्चों के साथ घर में ताला बंदकर खेत में धान पीटने गया था। घर सूना देख चोर पीछे की दीवार से छत के सहारे घर में दाखिल हो गए। गुड्डन ने बताया कि चोरों ने दो लाख के जेवर पार कर दिए। जनवरी माह में उसके बेटे अवधेश की शादी है। शादी के लिए जेवर बनवाकर रखे थे। मां ऊषा के भी जेवर चोर पार कर ले गए।
सालेहनगर गांव निवासी शिक्षक विश्वनाथ तिवारी दरियाईखेड़ा में नया मकान बनाकर रह रहे हैं। गांव के घर में ताला लगा हुआ था। सुबह नौ बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। घर जाने पर अलमारी बक्सों का सामान बिखरा मिला। शिक्षक ने 10 हजार का सामान चोरी होने की बात कही है।