नवाबगंज। घनी आबादी के बीच गैस गोदाम में हुए धमाके में अवैध तरीके से सिलिंडरों में गैस रिफिलिंग करने के प्रमाण मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक ने दो गैस एजेंसी संचालकों समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। गैस एजेंसियों को सील कर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर दो दिन पहले गैस एजेंसी के गोदाम में धमाका हुआ था। इसमें तीन कर्मी झुलस गए थे। पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार की जांच में गोदाम में घरेलू सिलिंडर से गैस निकालकर कामर्शियल सिलिंडर में डालने की पुष्टि हुई थी। मौके पर रैपिंग व रिफिलिंग रॉड मिला था। पूर्ति निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेजी थी। एसडीएम के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने चकलवंशी के बंदाखेड़ा गांव में स्थित श्री प्रसन्न भइया जी गैस एजेंसी व नवाबगंज की भइया गैस एजेंसी और शुक्ला ट्रेड़िग फर्म पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि धमाके के बाद जांच में नवाबगंज की भइया जी इंडेन गैस सर्विस के कुछ कागजात व सिलिंडर मिले हैं।