उन्नाव। तय कीमत से ज्यादा में डीएपी बेचने में खाद दुकान के संचालक समेत दो पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मौके से पकडे़ गए कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। प्रोपराइटर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
तय कीमत से ज्यादा में डीएपी बेचने की शिकायत पर मंगलवार को सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने अपने अर्दली व गनर को किसान के रूप में भेजकर जांच कराई थी। सिकंदरपुर सरोसी स्थित नाथ खाद व बीज भंडार में पहुंचकर अर्दली व गनर ने मौके पर मौजूद कर्मचारी वाईएन श्रीवास्तव से डीएपी का रेट पूछा तो उसने 1390 रुपये बताया था। खाद की वास्तविक कीमत 1200 रुपये है। संचालक ने खाद के साथ गेहूं का बीज भी लेने का दबाव डाला था। दुकानदार के पैसे लेते ही सीडीओ, एसडीएम सदर सत्यप्रिय सिंह व जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा दुकान पर पहुंच गए थे। अधिकारियों ने दुकान को सील करा दिया था। कर्मचारी वाईएन श्रीवास्तव को गिरफ्तार कराया था।
बुधवार को जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने दुकान संचालक हिमांशु मिश्रा व वाईएन श्रीवास्तव के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/7 की रिपोर्ट दर्ज कर ली। वाईएन श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया। कोतवाल अखिलेश पांडेय ने बताया कि दूसरे की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।