बीघापुर में हुए हादसे में महिला की मौत के बाद पीएचसी में लगी भीड़। संवाद
- फोटो : UNNAO
चकलवंशी/बीघापुर। मार्ग दुर्घटनाओं में दो महिलाओं की मौत और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बीघापुर में हुई दुर्घटना में महिला अपने बेटे के साथ बाइक से भाई को रोचना करने जा रही थी। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सफीपुर के गदनाखेड़ा निवासी संतू अपनी मां राजरानी को दिवाली पर चार नवंबर को बाइक से लेकर अपने फूफा के घर शहर आ रहा था। रात आठ बजे हरदोई-उन्नाव मार्ग पर माखी थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार मां व बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सीओ सफीपुर ने निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर मां-बेटे को कानपुर रेफर कर दिया गया। हैलट में राजरानी की मौत हो गई।
अचलगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी 50 वर्षीय राजरानी शनिवार को अपने अपने बड़े बेटे रविशंकर के साथ भाई दूज पर बाइक से बीघापुर के भाभेमऊ निवासी भाई देशराज शर्मा के घर जा रही थी। बहुराजमऊ गांव के पास मवेशी को बचाने की कोशिश में बाइक सामने से आ रही कार में घुस गई। हादसे में रविशंकर व पीछे बैठी मां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। राजरानी के सिर में गंभीर चोट आने से वह बेहोश हो गई। पुलिस ने दोनों को पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने राजरानी को मृत घोषित कर दिया।
दही थाना क्षेत्र के कलंदर खेड़ा निवासी प्रिंस अपने दोस्त सुरेंद्र के साथ बाइक से सफीपुर की ओर जा रहे थे। अकबरपुर दबौली के पास बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। बाइक चला रहे युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हसनगंज के ताला सराय गांव के पास टायर फटने से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार बिहार राज्य के मोतिहारी थाना क्षेत्र के गोपाल पताई के आनन्दशाह कल्यानपुर निवासी मुन्ना (32) व उसका दोस्त संतोष कुमार (28) घायल हो गया। दोनों को औरास पीएचसी ले जाया गया। वहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।