बांगरमऊ। ग्राम जिरिकपुर के मजरा डहन में 16 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार तड़के गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने आत्महत्या का अंदेशा जताया पर कारण स्पष्ट नहीं कर सके।
16 वर्षीय दीपू पिता के निधन के बाद अपनी मां व तीन अन्य भाइयों के साथ सम्मिलित परिवार में रहता था। बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर एक ढाबे पर मजदूरी करता था। गुरुवार शाम दीपावली पर घर पहुंचा। देर शाम वापस ढाबे पर जाने की बात कहकर घर से चला गया। शुक्रवार भोर पहर खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने उसके शव को गांव के बाहर 500 मीटर की दूरी पर चिलवल के पेड़ से लटका देख परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख बेहाल हो गए। भाई जगदीश, सतीश व लक्ष्मीकांत के अलावा मां रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आत्महत्या का अंदेशा जता तहरीर दी। ग्रामीणों में हिस्से की जमीन बंटवारे को लेकर खुदकुशी की चर्चा है।