उन्नाव के केवटा तालाब बस्ती निवासी एक युवक के घर दबिश के दौरान बुधवार रात लखनऊ एटीएस ने पिस्टल व कारतूस बरामद किए। युवक से पूछताछ के बाद अलग-अलग मोहल्लों से तीन अन्य लोगों को भी घरों से उठाकर लखनऊ में पूछताछ की। तीन को चौबीस घंटे बाद छोड़ दिया गया। चर्चा है कि पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक के तार दिल्ली से उठाए गए संदिग्धों से जुड़े हैं।
लखनऊ एटीएस के एसपी और सीओ ने कई टीमों के साथ बुधवार रात शहर के केवटा तालाब निवासी एक युवक के घर दबिश दी। यहां से एटीएस को पिस्टल व 8-10 कारतूस मिले। काफी देर तक उससे पूछताछ के बाद एटीएस ने दरोगाबाग, पूरबखेड़ा व सदर कोतवाली के भतांवा गांव निवासी गमला कारोबारी समेत तीन को उठाया। रात 11 बजे सभी को यहां से लेकर एटीएस लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
एटीएस की चार टीमों ने सभी से अलग-अलग पूछताछ की। 20 घंटे चली पूछताछ के बाद तीन लोगों को गुरुवार शाम 6 बजे एटीएस उनके घर छोड़कर चली गई। घर पहुंचे पूरबखेड़ा निवासी युवक के अनुसार एटीएस ने केवटा तालाब के युवक के पास से मिली पिस्टल व कारतूस को सभी के सामने रखा। वहीं जिले के एक जनप्रतिनिधि पर प्राणघातक हमला करने की साजिश रचने से जुड़े मामले में पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक के तार जुड़े होने की चर्चा है।
एसपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक एटीएस ने उन्हें ऐसे किसी प्रकरण की जानकारी नहीं दी है। एटीएस की पूछताछ के बाद घर पहुंचाए गए पूरबखेड़ा निवासी युवक ने बताया कि वह एक माह पहले दही थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज वर्कशाप के पीछे चर्म इकाई में मजदूरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात पिस्टल के साथ पकड़े गए केवटा तालाब निवासी युवक से हुई थी।