सीएचसी में परिजनों के साथ मौजूद हमले में घायल रज्जन यादव। संवाद
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। पत्नी के साथ बाइक से जा रहे युवक को रोककर गांव के चार लोगों ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से हाथ में वार करने पर युवक को गंभीर चोट आई है। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
परशुरामपुर के मजरा पपरिया निवासी 45 वर्षीय रज्जन यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके बीमार बहनोई का ग्राम मदार नगर में एक चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा है। शुक्रवार रात वह बहनोई को देखने के लिए पत्नी रानी को साथ लेकर बाइक से जा रहा था। मदारनगर के पास गांव के चार लोगों ने बाइक रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बाइक व मोबाइल भी तोड़ दिया। बाएं हाथ में गंभीर चोट आने से रज्जन तड़प उठा। पत्नी के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने रज्जन को सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।