एक्सप्रेस वे पर पलटा पड़ा ट्राला ट्रक। संवाद
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी लगने से ट्राला ट्रक अनियंत्रित हो पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। मक्का की बोरियां सड़क पर फैलने से दो घंटे आवागमन प्रभावित रहा।
रामपुर जिला के थाना भवट के ग्राम पंजावा निवासी अरशद अली शनिवार तड़के चार बजे क्लीनर वाजिद अली के साथ मक्का लादकर लखनऊ से आगरा जा रहा था। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम ढुलौआ के पास चालक को अचानक झपकी लग गई। तेज रफ्तार ट्राला ट्रक अनियंत्रित होकर एल्युमिनियम की गार्डिंग को तोड़ते हुए सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर घायल हो गए। मक्का की बोरियां सड़क पर फैल जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। यूपीडा कर्मियों ने क्रेन की मदद से ट्राला को सीधा कराकर किनारे कराया। मक्का की फैली बोरियों को सड़क से हटवाकर दो घंटे बाद आवागमन सामान्य कराया।