सफीपुर। सांसद साक्षी महाराज को मोबाइल पर मैसेज व कॉल करके अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। अन्य नामजद आरोपियों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की सर्विलांस टीम आरोपियों के बैंक खाते व फोन कॉल की डिटेल की भी जांच कर रही है।
पीरजादगान निवासी मौलाना हसनैन ने सांसद प्रतिनिधि के रूप में रविवार शाम को किला बाजार के सईद और उनके पुत्रों सगीर, जहीर, फरीद पर सांसद साक्षी महाराज से अभद्र तरीके से बात करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि पूर्व में यह सभी एनआरसी (नेशनल रजिस्टर आफ सिटीजन) के मुद्दे पर भी काफी सक्रिय रहे हैं। सगीर वर्तमान में सऊदी अरब में रह रहा है। आरोप है कि वह हिंदुस्तान में प्रतिबंधित एक संगठन का संचालन करता है। मोहल्ले के ही अन्य लड़कों को विवादित वीडियो भेज जाकिर नायक के मिशन को आगे बढ़ाने का काम करता है। मामला सांसद से जुड़ा था। इस पर पुलिस मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया। लोकेशन सईद की पाए जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस की सर्विलांस टीम ने पिता, पुत्रों का पिछला इतिहास, बैंक खातों व फोन कॉल को खंगालना शुरू कर दिया है। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि जिस नंबर से सांसद को धमकी दी गई वह सईद का निकला। मामले की अभी जांच की जा रही है।