उन्नाव। कचहरी में बस्ते के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर बुधवार को वकीलों व पूर्व फौजी के बीच हुई मारपीट में बुधवार को पूर्व फौजी की पत्नी ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद व 12 अज्ञात वकीलों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
कहचरी परिसर में बाइक खड़ा करने के विरोध में नवाबगंज निवासी अधिवक्ता अतुल द्विवेदी का मंगलवार को किशोरीखेड़ा निवासी पूर्व फौजी विजय सिंह कुशवाहा से विवाद हो गया था। पुलिस पूर्व फौजी को अपने साथ लेकर चली गई थी। अतुल द्विवेदी की तहरीर पर मंगलवार को ही जानलेवा हमले व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को पूर्व सैनिक की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा अपनी दोनों पुत्रियों और अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों के साथ एसपी से मिली। आपबीती बता पति के साथ की गई मारपीट की भी रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर अतुल द्विवेदी, प्रमोद मिश्रा व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल ने बताया कि वकीलों के बीच से पूर्व फौजी को बचाया गया था। आरोपों की जांच की जा रही है। शिकायत के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद उन्नाव जिलाध्यक्ष संजय सिंह फौजी, वेटरन एसोसिएशन जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, सूबेदार दिनेश सिंह, कैप्टन विष्णु कुमार मौजूद रहे।