फतेहपुर चौरासी। निर्माण कार्य में लगे मजदूर का शव बगल में स्थित खाद व्यवसायी के दूसरे घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से मजदूर इसी घर में रह रहा था।
जुझारपुर गांव निवासी सोनू (22) पुत्र लक्ष्मी लोध नगर मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी खाद व्यवसायी मिथलेश कुमार के दूसरे निर्माणाधीन घर में मजदूरी करता था। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से वह व्यवसायी के निर्माणाधीन घर की तीसरी मंजिल पर अकेले रहता था। मंगलवार सुबह राजगीर व मजदूर काम करने पहुंचे तो सोनू को न देख उसके कमरे का दरवाजा खुलवाने लगेे। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई उत्तर न आने पर छत पर चढ़ कर देखा तो सोनू का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पिता ने बताया कि सोमवार शाम सोनू अपनी नानी के घर बबुरिहा गांव गया था। रात 10 बजे वहां से लौटा और सफीपुर घर पहुंचा। कुछ देर घर पर रुकने के बाद व्यवसायी के घर चला गया। मौत की वजह जानने के लिए पिता ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मृतक अविवाहित था। तीन भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। सोनू की मौत से मां माधुरी, बहन सपना, भाई शीलू का रोकर बुरा हाल रहा। प्रभारी निरीक्षक जावेद अख्तर ने बताया कि मृतक के पिता ने आत्महत्या की तहरीर दी है।