बीएड के छात्र संजय की मौत पर मेडिकल स्टोर के बाहर हंगामा करते परिजन । संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के मनोहर नगर के पास ट्रेन की चपेट में आकर बीएड के छात्र की मौत हो गई थी। गुरुवार को परिजनों ने शव की पहचान कर पोस्टमार्टम हाउस के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक पर युवक को नींद की गोलियां दिए जाने का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने जांच करने के बाद कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। चर्चा है कि नींद की गोली देते हुए मेडिकल स्टोर संचालक का किसी ने वीडियो बनाया था। बाद में यह वीडियो उसने मृतक के परिजनों को दे दिया।
कन्नौज के तिर्वागंज मंडी बाजार निवासी 23 वर्षीय संजय पुत्र सोमकांत त्रिपाठी बीएड का छात्र था। रक्षाबंधन पर वह अपनी मां लल्ली को लेकर अचलगंज के सिकंदरपुर कर्ण निवासी मामा मनोज अवस्थी के घर आया था। बुधवार को वह लखनऊ जाने की बात कह घर से निकला था। मनोहर नगर बंद रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई थी। शव की पहचान न होने पर उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। शाम छह बजे पोस्टमार्टम हाउस से बाहर निकले परिजन वहीं पास के एक मेडिकल स्टोर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता की। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने संजय को नींद की गोलियां दी। इससे वह नींद में ट्रेन की पटरी तक पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। हंगामा कर रहे परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर पुलिस ने शांत कराया। छात्र परिवार का इकलौता था। उसकी मौत से मां लल्ली का रोकर बुरा हाल है।
संजय का फाइल फोटो ।- फोटो : UNNAO