गंगादेई से घटना की जानकारी लेते एएसपी शशिशेखर सिंह। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। मायके से लौटी वृद्धा को बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा लगाकर कान के बाले व नगदी लूट ली। एएसपी व सीओ ने मौके पर पहुंचकर चौराहे पर मौजूद दुकानदारों से लुटेरों के हुलिया के बारे में जानकारी ली। कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट टीम ने खुलासे के प्रयास शुरू किए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
भौनीखेड़ा गांव निवासी बचउनू की 65 वर्षीय पत्नी गंगादेई रक्षाबंधन पर अपने मायके बीघापुर के जंगलीखेड़ा गई थी। बुधवार दोपहर व टेंपो में बैठकर घर के लिए निकली। भवनीखेड़ा चौराहा पर उतरकर पैदल गांव के लिए चली। चौराहे से ही उसके पीछे एक युवक लग गया। चौराहे से 500 मीटर दूरी पर गंगादेई के पहुंचते ही सुनसान जगह देख पीछे चल रहे लुटेरे ने पेट में तमंचा लगा जान से मारने की धमकी दी और कान के बाले, पायल व ढाई हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद पीछे से बाइक पर लुटेरे का दूसरा साथी पहुंचा। उसके साथ वह बाइक में बैठकर शहर की ओर भाग निकला। चौराहा के पास दिनदहाड़े हुई लूट से सनसनी फैल गई।
एएसपी शशिशेखर सिंह, सीओ सिटी कृपाशंकर सदर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और गंगादेई से घटना की जानकारी ली। स्वॉट टीम प्रभारी को भी मौके पर बुलाया गया। स्वॉट टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। अंदेशा जताया जा रहा है कि गंगादेई ने जहां से टेंपो पकड़ी थी, लुटेरों वहीं से उसके पीछे लग गए थे। एसपी अविनाश पांडेय ने सदर कोतवाल अनिल सिंह व स्वॉट टीम को शीघ्र घटना के खुलासे के लिए कहा है।