जलालुद्दीन का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार को बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में चालक को झपकी लगने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक व पीछे बैठे दोस्त की मौत हो गई। पुलिस ने आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बिहार प्रांत के जिला मुजफ्फरपुर थाना झपहा के ग्राम बेला पंचगझिया निवासी जाकिर हुसैन (21) पुत्र मोहम्मद मिनेर अपने गांव के दोस्त जलालुद्दीन (22) पुत्र नबीहसन के साथ बाइक से गुरुवार को अजमेर शरीफ दर्शन करने निकला। शुक्रवार को जाकिर ने बाइक नाएडा में रहने वाले रिश्तेदार के घर खड़ी की और बस से अजमेर चले गए थे। दर्शन करने के बाद शनिवार देर रात दोनों साथी नोएडा पहुंचे और बाइक रिश्तेदार के घर से लेकर अपने घर के लिए निकल पड़े। रविवार सुबह नौ बजे सबलीखेड़ा के पास बाइक चला रहे जाकिर को अचानक झपकी लग गई। इससे बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे दोनों की मौत हो गई। जाकिर और जलालुद्दीन हेलमेट नहीं लगाए थे।
रविवार सुबह आठ बजे जाकिर की मां हुमैदा ने फोन पर बेटे से बात की थी। जाकिर ने थकान होने की बात कही थी। मां ने जाकिर से कहीं रुककर आराम कर लेने के बाद बाइक चलाने को कहा था। जाकिर ने लखनऊ पहुंचकर खाना खाने के बाद आराम करने और उसके बाद चलने की बात मां से कही थी। लखनऊ पहुंचने से 70 किमी पहले ही वह हादसे का शिकार हो गया। वह मां की बात मान लेता तो जान जाने से बच जाती। फोन पर बेटे से हुई बातचीत की जानकारी देकर मां बिलख उठी।