नवागत एसपी अविनाश पांडेय । संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। नए एसपी अविनाश पांडेय ने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। एसपी ने अपराध पर अंकुश लगाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताई। कहा माहौल बिगाड़ने से सख्ती से निपटा जाएगा। जनता के साथ अच्छा व्यवहार न करने वाले और अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। महिला अपराध पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने महिला हेल्प डेस्क को और प्रभारी बनाए जाने की बात कही।
शासन ने सोमवार को एसपी आनंद कुलकर्णी का तबादला कर दिया था। इनकी जगह पर प्रयागराज में चतुर्थ वाहिनी पीएसी में तैनात 2015 बैच के आईपीएस अविनाश पांडेय को उन्नाव एसपी की जिम्मेदारी सौंपी थी। मंगलवार सुबह नए एसपी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत की। कहा कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्होंने मीडिया से सामंजस्य स्थापित कर पुलिसिंग व्यवस्था में और सुधार करने की बात कही। कहा कि कोई भी पुलिस कर्मी गैरजिम्मेदाराना हरकत करते मिला तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाने आने वाले हर फरियादी की समस्या को सुनना पुलिस की प्राथमिकता होगी। महिला अपराधों पर अंकुश पाने के लिए गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि वह मूलरूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। पुलिस सेवा में आने के बाद कानपुर, बरेली, मेरठ व मैनपुरी में तैनात रह चुके हैं। इससे पहले वह इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर व डाक विभाग में लिपिक पद पर सेवाएं दे चुके हैं।