गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से कार पलट गई। इसमें सवार एक वृद्धा घायल हो गई। समय से इलाज न मिलने पर बेटे ने बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा किया। स्वास्थ्य कर्मियों ने वृद्धा को आनन- फानन में प्राथमिक उपचार कर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
फर्रुखाबाद थाना फतेहगढ़ के शांतिनगर निवासी अंकुर सिंह पुत्र कुंवर सिंह अपनी बीमार मां चंद्रालती (65) को दिखाने पीजीआई लखनऊ गया था। वहां से वह अपनी कार से वापस घर जा रहा था। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर थाना बेहटामुजावर के ग्राम जोगीकोट के पास अचानक कार का टायर फट गया। इससे कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। अंकुर सिंह चोटहिल हुआ और मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को बांगरमऊ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अपनी वृद्ध बीमार मां के गंभीर रूप से घायल होने और अस्पताल में अव्यवस्था देख अंकुर सिंह अपना आपा खो बैठा। उसने इमरजेंसी में किसी चिकित्सक के मौजूद न मिलने पर कुर्सी को लात से पलट दिया।
हंगामा कर सीएमओ का मोबाइल नंबर मांगने लगा। न देने पर कर्मचारियों से अभद्रता की। यूपीडा की एंबुलेंस स्टार्ट न होने पर कर्मी का मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद उसकी मां का प्राथमिक उपचार कर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।