उन्नाव। सूने घर को निशाना बना चोराें ने दो सगे भाइयों के कमरों से नगदी व जेवर समेत लाखों का सामान पार कर दिया। घटना के समय बड़ा भाई इलाहाबाद व छोटा भाई ससुराल गया था। नगदी व जेवर समेत आठ लाख का सामान चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मोतीनगर निवासी कुलदीप श्रीवास्तव इलाहाबाद में एक पेय पदार्थ फैक्टरी में मैनेजर हैं। उनके छोटे भाई अखिल श्रीवास्तव निजी तौर पर बैंक में लोन का काम देखते हैं। दोनों भाई एक ही मकान में रहते हैं। मौजूदा समय में कुलदीप नौकरी के सिलसिले में इलाहाबाद में हैं। छोटा भाई अखिल गुरुवार को घर में ताला बंदकर अपनी ससुराल गया था। देर रात घर सूना देख चोरों ने दोनों के कमरों से लाखों का सामान पार कर दिया। सुबह अखिल के भतीजे तुषार ने गेट का ताला टूटा देख उसे जानकारी दी। घर पहुंचा अखिल सामान बिखरा देख सन्न रह गया। उसने बताया कि वह नीचे और उसका भाई ऊपरी छोर पर रहता है। अलमारी के लॉकर तोड़कर चोरों ने 1.60 लाख की नगदी व जेवर समेत आठ लाख का सामान पार कर दिया।