हाईवे पर डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त अतरिक्त आयुक्त प्रशासनिक कानपुर की कार।संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। लखनऊ से कानपुर जाते समय मंगलवार रात कानपुर के अतिरिक्त आयुक्त प्रशासनिक की कार को हाईवे पर डंपर ने टक्कर मार दी। 20 मीटर तक डंपर कार को घसीटता चला गया। हादसे में अतरिक्त आयुक्त बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दूसरी कार से उन्हें कानपुर के लिए रवाना किया और डंपर को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। चालक मौके से भाग निकला।
कानपुर के अतिरिक्त आयुक्त प्रशासनिक राजाराम अपनी सरकारी कार से मंगलवार रात 11 बजे लखनऊ से कानपुर लौट रहे थे। हाईवे पर आजाद मार्ग पर गंगा बैराज की ओर कार के मुड़ते ही कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे डंपर ने कार को टक्कर मार दी। डंपर में फंसकर कार 20 मीटर तक घिसटती चली गई और एक डीसीएम से टकरा गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। बदरका चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने अतिरिक्त आयुक्त को सुरक्षित कार से बाहर निकाला और दूसरी कार से कानपुर के लिए रवाना किया। हाइड्रा से डंपर व कार को हटवाते समय अचानक डंपर चल पड़ा और कुछ दूर पर जाकर एक पेड़ से टकराकर रुक गया। पुलिस के अनुसार डंपर पेड़ से न टकराता तो 20 फुट नीचे खाईं में चला जाता।