औरास। सोशल मीडिया पर एक युवक की पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है।
औरास कस्बे के मुरौवनटोला निवासी सुरेंद्र कनौजिया ने कुछ दिन पहले फेसबुक पर एक पोस्ट डाली थी। पोस्ट पर कस्बे के ही सौरभ सिंह, दीपक सिंह और विकास शर्मा ने अभद्र टिप्पणी कर दी। सुरेंद्र के विरोध करने पर तीनों ने फोन कर गाली गलौज किया।
आरोप है कि 21 जुलाई को औरास नर्सरी पुलिया पर तीनों ने अपने एक अज्ञात साथी के साथ घेरकर उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की और जाति सूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी भी दी। 23 जुलाई को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक हरप्रसाद अहरवार ने बताया तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।