उन्नाव। माइनर (छोटा नाला) सफाई के नाम पर 50 लाख के गोलमाल की पुष्टि होने के बाद सीडीओ ने फाइनल रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। इसमें सिंचाई खंड दो के एक्सईएन, एई, जेई व लेखाकार से बराबर-बराबर धनराशि की वसूली के लिए कहा है। अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ सभी पर एफआईआर भी दर्ज कराने की बात कही है।
सिंचाई विभाग खंड-दो में नाला सफाई के नाम पर बिना स्टीमेट 50 लाख के गोलमाल की जांच कर रहे सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने 20 जुलाई को दुबेपुर व बेहटागोपी माइनर की सफाई का सत्यापन किया था। जांच में मात्र 10 प्रतिशत सफाई कार्य ही मिला था। उस समय सीडीओ ने गबन के दोषियों पर एफआईआर व अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही थी। शनिवार को उन्होंने फाइनल रिपोर्ट डीएम को भेजी। रिपोर्ट में बताया गया कि 50 लाख में से मात्र 10 प्रतिशत धनराशि का ही कार्य कराया गया। शेष अनियमित और फर्जी भुगतान करके शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया। सीडीओ ने 50 लाख की वसूली सिंचाई खंड-2 के अधिशासी अभियंता, दोनों सहायक अभियंता, सभी अवर अभियंता और लेखाकार से करने की संस्तुति की है।