पाटन/गंजमुरादाबाद। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हो गए। मार्ग दुर्घटनाएं बिहार और गंजमुरादाबाद थाना क्षेत्रों में हुई। सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घायल को अस्पताल ले जाने के लिए दो घंटे देर से एंबुलेंस पहुंची। समय से इलाज न मिलने पर युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं गंजमुरादाबाद में ट्रक पलटने से चालक की मौत हो गई।
रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के मैलासपुर निवासी सचिन निर्मल (25) पुत्र विनोद कुमार परिवार के अंकित निर्मल के साथ बाइक से घर से निकला था। सोमवार दोपहर सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर ग्राम भदेवरा के पास बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गए। घटना के दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस से घायलों को पीएचसी सुमेरपुर ले जाया गया। वहां सचिन को मृत घोषित कर दिया गया। घायल अंकित को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक चला रहा सचिन हेलमेट लगाए था।
सीतापुर से चावल से भरी बोरियां लादकर ट्रक ट्राला गुजरात जा रहा था। रात करीब दो बजे बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में रानीपुर ग्रंट के पास रफ्तार अधिक होने से तीव्र मोड़ (अंधे मोड़) पर ट्रक अनियंत्रित हो पलट गया। चालक राजस्थान अजमेर के सरूवाड़ थाना क्षेत्र के कसाड़ा गांव निवासी हनुमान जाट (26) पुत्र महावीर जाट और ग्राम जालिया निवासी क्लीनर नरेश कुमार (21) पुत्र दुर्गालाल ट्रक के नीचे दब गए। पुलिस ने दोनों को निकालकर सीएचसी पहुंचाया। हनुमान को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। क्लीनर नरेश का इलाज चल रहा है। पुलिस चालक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया गया।
सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बाबूखेड़ा के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। बाइक में बैठी बारासगवर के बक्सर निवासी मोनी (27) पत्नी राजेश व उसका 12 वर्षीय बेटा अक्षत व बाइक चला रहा भांजा नीशू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को पीएचसी सुमेरपुर ले जाया गया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद लोडर चालक मौके से भाग निकला।