बिछिया/बांगरमऊ। सदर कोतवाली के शिवनगर में किराये पर रह रहे श्रमिक के घर व बांगरमऊ में राइस मिल को चोरों ने निशाना बना लाखों का सामान पार कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
वीरमपुर गांव निवासी वीरबहादुर सिंह शहर के शिवनगर में किराये का घर लेकर परिवार के साथ रह रहे है। दही चौकी स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। सोमवार रात वीरबहादुर पत्नी गुड्डन व दो बच्चों के साथ छत पर सोने चले गए थे। रात में बाउंड्रीवाल में बांस के सहारे अंदर घुसे चोरों ने कमरों का ताला खोलकर 10 हजार की नगदी, एंड्रायड मोबाइल व जेवर समेत डेढ़ लाख का सामान पार कर दिया। वहीं बांगरमऊ के नौनिहालगंज अस्पताल रोड निवासी संजीव कुमार की ग्राम नेवल के पास हरदोई-उन्नाव मार्ग पर राइस मिल है। रोज की तरह वह सोमवार शाम मिल से घर चले गए। मिल में चौकीदार सहित तीन लोग खाना खाकर देर रात सो गए। मुख्य गेट की बाउंड्री पर चढ़कर चोर मिल में घुस गए। कार्यालय में रखी गोलक तोड़कर 36 हजार की नगदी और पास में ही सो रहे कर्मचारी अब्दुल अबीर की टंगी पैंट की जेब से पांच हजार रुपये, मोबाइल, बैंक की पास बुक चोरी कर ले गए।