अचलगंज। नर्सिंगहोम संचालिका की शिकायत पर पुलिस ने रेस्टोरेंट में शराब पीकर हुड़दंग कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान किया है।
अचलगंज थाना क्षेत्र के बंथर चौराहा से शुक्लागंज की ओर जाने वाले मार्ग पर आर्यन रेस्टोरेंट है। उसके सामने बंथर निवासी रिंकू सिंह पत्नी सुनील अपना नर्सिंगहोम चलाती हैं। रिंकू के अनुसार सोमवार रात 12 बजे रेस्टोरेंट में काफी शोर-शराबा व गाली-गलौज हो रहा था। इस पर उन्होंने डायल 112 पर शिकायत की। काफी देर तक पुलिस के न पहुंचने पर बदरका चौकी से संपर्क किया। चौकी से पहुंची पुलिस ने हुड़दंग कर रहे लोगों को डांट-डपटकर शांत करा दिया। पीछे से पीआरवी भी आ गई। चौकी पुलिस के जाने के बाद पीआरवी की मौजूदगी में तीन बजे वहीं लोग होटल की छत पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगे। अपने प्वाइंट पर मौजूद पीआरवी ने गाली-गलौज व हुड़दंग कर रहे कानपुर चकेरी के रामपुर निवासी आकाश भार्गव व शहर के एबीनगर निवासी अजय को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।