उन्नाव। अकरमपुर में हुए उपद्रव के बाद अब देवीखेड़ा गांव में हालात सामान्य हो रहे हैं। लोग अपने घरों को लौटने लगे हैं। रोजमर्रा की तरह काम कर रहे हैं। दुकानें भी खुलने लगी हैं। गांव में पुलिस बल कम कर दिया गया है। उधर, मामले की जांच करने रायबरेली के एएसपी नहीं आए।
पुलिस पर पथराव व उपद्रव में 350 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज होने और कई लोगों की गिरफ्तारी होने से दहशत में देवीखेड़ा गांव के ज्यादातर घरों में ताले बंद हो गए थे। गिरफ्तारी के डर से लोगों ने गांव छोड़ दिया था। पुलिस द्वारा निर्दोष लोगों को जेल न भेजे जाने के दिए गए आश्वासन के बाद शनिवार को गांव के हालात सामान्य होते नजर आए। भारी मात्रा में तैनात पुलिस बल को भी कम कर दिया गया है। वहीं, अकरमपुर में हुए उपद्रव की जांच रायबरेली के एएसपी को दी गई थी। तीसरे दिन भी वह जांच के लिए शहर नहीं पहुंचे। सीओ सिटी कृपाशंकर ने बताया कि जल्द ही वह यहां आकर घटनाक्रम की जांच शुरू करेंगे।
देवीखेड़ा गांव के सामने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारने के आरोपी कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देवीखेड़ा के पास 15 जून को कार ने बाइक सवार राजेश व विपिन को गांव के सामने तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद कार चालक भाग निकला था। कार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज हुआ था। पुलिस ने कब्बाखेड़ा निवासी कार चालक समक्ष अवस्थी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मगरवारा चौकी पुलिस ने उसे कब्बाखेड़ा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।