औरास। संडीला- चकलवंशी मार्ग पर शीशी गांव के पास बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। बाइक चला रहा मृतक का बड़ा भाई घायल हो गया। घायल को पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है । दूसरा बाइक चालक बाइक लेकर भाग निकला। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। इससे सिर में गंभीर चोट आने से जान चली गई।
गोशाकुतुब निवासी विजय कुमार विश्वकर्मा (42) परिवार के साथ कानपुर के फजलगंज में रहता है। बुधवार दोपहर बाद वह अपने छोटे भाई संजय विश्वकर्मा (22) के साथ बुलेट से हरदोई के बालामऊ कस्बा निवासी अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहा था। संडीला- चकलवंशी मार्ग पर शीशी गांव के पास संडीला की तरफ से आ रहे बाइक सवार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में संजय की मौके पर मौत हो गई । बाइक चला रहा बड़ा भाई विजय घायल हो गया। संजय की मौत से घर में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से मां रामलली बदहवास हो गई। मौके पर पहुंचे छोटे भाई रवि ने बताया मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी।