हसनगंज। बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर बुधवार सुबह बिल्हौर से तरबूज लादकर आ रही डीसीएम सैरपुर गांव के पास सड़क किनारे बालू लदे खराब खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में डॉक्टर ने घायलों में युवक को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सकतपुर निवासी शिवम (22) अपने पिता कुंवरपाल की डीसीएम लेकर सोमवार सुबह 11 बजे घर से चालक के साथ बिल्हौर तरबूज लेने के लिए निकला था। बुधवार को तरबूज लादकर डीसीएम के साथ वह लखनऊ दुबग्गा मंडी जा रहा था। शिवम चालक के पास बैठा था। इसी दौरान सैरमपुर गांव के पास सड़क किनारे खराब खड़े बालू लदे ट्रक में डीसीएम पीछे से भिड़ गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक भाग निकला। शिवम उसमें फंसा रहा। डीसीएम में दो सवारियां भी बैठी थीं। पुलिस ने घायलों को निकाला और सीएचसी भेजा। वहां पर डॉक्ट ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।
डीसीएम में बैठे फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद निवासी जितेंद्र व हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक तीन भाई व चार बहनों में सबसे छोटा था। मृतक की मां मुन्नी, भाई ब्रह्मा, कल्लू का रोकर बुरा हाल रहा। सीओ राजकुमार शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर भी नहीं मिली है।