जिला अस्पताल में भर्ती पीड़ित ई-रिक्शा चालक गोपाल ।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। किराये के रुपये मांगने पर युवकों ने 16 वर्षीय ई-रिक्शा चालक को बेरहमी से पीटा। बाद में हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मुंह में गमछा ठूंसकर सड़क किनारे खेत में फेंक दिया। ठंड में दो घंटे पड़े ई-रिक्शा चालक के कराहने की आवाज सुन राहगीरों ने पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने तीन लोगों की पहचान कर पुलिस को उनके नाम बताए हैं।
ईदगाह निवासी 16 वर्षीय गोपाल ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार रात आठ बजे तीन युवक छोटा चौराहा के पास ई-रिक्शा लेकर खड़े गोपाल के पास पहुंचे। उन्होंने मैनीखेड़ा गांव से एक बैटरी लाने की बात कही। गोपाल ने 250 रुपये किराया बताया तो तीनों तैयार हो गए। गांव पहुंचने पर किराया मांगने पर युवकों ने पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर मुंह में गमछा ठूस दिया। रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध कर सड़क किनारे खेत में फेंक दिया। दो घंटे बाद उसके कराहने की आवाज सुनकर राहगीरों ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उसकी मां संजू को जानकारी दी। पीड़ित ने कुछ लोगाें को पहचानने व उनके नाम भी पुलिस को बताए हैं। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।