उन्नाव। दो दिन छुट्टी के बाद सोमवार को बैंक खुले तो कोविड कर्फ्यू के बावजूद भीड़ रही। लोग जमा निकासी, पेंशन की जानकारी और पासबुक अपडेट कराने पहुंचे।
सोमवार को सुबह बैंक खुलने के साथ ही खाताधारकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे अधिक भीड़ एसबीआई की मुख्य व शहर शाखा में रही। इसके अलावा बैंक आफ बड़ौदा व बैंक आफ इंडिया सहित अन्य शाखाओं में भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। हालांकि बैंक के भीतर ग्राहकों को सीधे प्रवेश नहीं दिया गया।
बैंक में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए पहले से अंदर गए ग्राहकों के बाहर आने का इंतजार करना पड़ा। बैंक कर्मी ने थर्मल स्क्रीनिंग की और हाथ सैनिटाइज कराने के बाद ही भीतर जाने दिया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि लेनदेन की अपेक्षा खातों में रकम जमा होने की जानकारी करने वालों की संख्या अधिक रहती है।
इनसेट
कर्फ्यू बढ़ने व त्योहार के चलते एटीएम में भीड़
कोरोना कर्फ्यू अगले सोमवार तक और बढ़ाए जाने के साथ ही ईद के त्योहार व अन्य जरूरतों के लिए सोमवार को एटीएम बूथों पर भीड़ रही।
शनिवार और रविवार को छुट्टी के चलते अधिकांश एटीएम में करेंसी नहीं थी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को एटीएम में करेंसी डाली गई तो रुपये निकालने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। कई एटीएम सोमवार को दोपहर बाद तक बंद रहे। जिनमें रुपये थे वहां लंबी कतारें लग गईं।