बीघापुर। थाना क्षेत्र के रैथाना ग्राम सभा में राशन कोटा चयन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर अधिवक्ता समेेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट में अधिवक्ता को नाम शामिल होने पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष समेत कई वकीलों ने थाने पहुंच कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। दूसरे गुट पर कार्रवाई के लिए अधिवक्ता पक्ष से एक महिला ने तहरीर दी है।
रैथाना गांव में सोमवार को राशन कोटा चयन के लिए प्राथमिक विद्यालय में पुलिस बल की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी। कोटा के लिए रेखा दीक्षित पत्नी रामचंद्र व इसी गांव के आशीष अवस्थी ने दावेदारी की थी। चयन प्रक्रिया के दौरान ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। मंगलवार को रेखा दीक्षित व उनकी भतीजी आयुषी ने बीघापुर थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि मंगलवार की सुबह 9:30 बजे राशन कोटा अपने पक्ष में ना आते देख अभिषेक व संजू अवस्थी, आशीष, सत्यशंकर अवस्थी ने उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने गाली गलौज, मारपीट कर जान की धमकी दी। उन्होंने एक अधिवक्ता का नाम भी विवाद में शामिल किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आशीष पक्ष के लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसकी जानकारी होने पर पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष नरेंद्र अवस्थी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दीप नारायण त्रिवेदी, पूर्व अध्यक्ष सतीश शुक्ला, महामंत्री ब्रजेंद्र मोहन बाजपेयी, अधिवक्ता हरीश अवस्थी, अनुराग बाजपेयी, प्रेम शंकर शुक्ला, गुलाब सिंह व अन्य के साथ बीघापुर थाने पहुंचे और आशीष की पत्नी की ओर से रेखा दीक्षित के परिवारजनों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष जावेद अख्तर ने बताया कि एक पक्ष ने एक अधिवक्ता समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष की भी तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि आयुषी पक्ष के ब्रजेंद्र पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
मामले को तूल देकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट
बार एसोसिएशन अध्यक्ष दीप नारायण त्रिवेदी ने बताया कि राशन कोटा चयन प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी हुई थी। इसे तूल देकर अधिवक्ता व उनके पक्ष के लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने साथी अधिवक्ता व तीन अन्य पर लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।