बांगरमऊ। बाघ की दहशत कई क्षेत्रों में अभी भी बरकरार है। मंगलवार देर शाम खेत की सिंचाई कर रहे किसान ने दो शावकों के साथ बाघ जैसा जानवर देखे जाने का दावा किया है। किसान के अनुसार वह दहशत में पंपसेट चलता छोड़कर गांव पहुंचा और जानकारी दी। भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जानवर को खोजते रहे पर उसका पता नहीं चला। वन दरोगा को कहीं भी पंजे के निशान नहीं मिले।
ग्राम भगवंतपुर गोटपाली निवासी राजकिशोर यादव के अनुसार मंगलवार शाम सात बजे वह पंपिंग सेट से खेत में फसल की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान उसने बाघा जैसा एक जानवर व उसके दो शावक देखे। दहशत में वह वहां से निकला और गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी दी। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण डंडे, धारदार हथियार, टार्च लेकर खेत पहुंचे। खेत के आसपास व अन्य जगहों पर जानवर की तलाश की पर उसका पता नहीं चला। ग्रामीणों की सूचना पर वन दरोगा पप्पू यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंजों के निशान की तलाश की पर कहीं नहीं मिले। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना की पुष्टि न होने पर टीम सभी को सावधानी बरतने की नसीहत देकर लौट गई।