उन्नाव। साधन सहकारी समिति के सचिवों के हड़ताल से वापस न आने पर गुुरुवार को भी धान खरीद नहीं हो सकी। जिससे धान बेचने केंद्र पर पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीद के दिन से ही साधन सहकारी समिति के सचिव हड़ताल पर चल रहे हैं। वहीं, खरीद के लिए नामित संस्था पीसीएफ 23 समितियों में अपने केंद्र निर्धारित कर रहे हैं लेकिन सचिव द्वारा किए गए कार्य बहिष्कार से केंद्रों पर ताला ही बंद चल रहा है। गुरुवार को फतेहपुर चौरासी की बबुरिहा साधन सहकारी समिति में ताला बंद रहा। जिससे धान की खरीद नहीं हो पाई। बिछिया ब्लॉक के गांव तौरा व बिछिया में बनाए गए दो धान क्रय केंद्रों पर ताला लटका रहा। क्रय केंद्रों पर धान लेकर पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। असोहा के गोसाईंखेड़ा और हिलौली केंद्र भी बंद रहा।