गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने से टाइल्स से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर बाल-बाल बच गए। सड़क पर टाइल्स बिखरने से आवागमन प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन व हाइड्रा की मदद से ट्राला को सड़क से हटवाकर सात घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन सामान्य कराया।
राजस्थान के अजमेर जिला के सरवार थाना क्षेत्र के कुसाडा गांव निवासी ट्राला चालक मंगलवार तड़के पांच बजे क्लीनर पप्पू के साथ टाइल्स लादकर लखनऊ जा रहा था। जोगीकोट के पास अचानक चालक को झपकी आने से उसने स्टियरिंग से नियंत्रण खो दिया। इससे ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्राला पलटने से उसमें लदे टाइल्स सड़क पर बिखर गए। यूपीडा कर्मियों ने क्रेन की मदद से सात घंटे की मशक्कत के बाद ट्राला व बिखरे टाइल्स को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।