गंजमुरादाबाद। मोहल्ला बड़ी बाजार में भूमिगत पाइप लाइन में हुए लीकेज की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। यहां पर डाली गई नई लाइन तीन दिन में फिर फट गई। इस कारण दो दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है।
बड़ी बाजार में 14 सितंबर को एक मकान के अंदर से निकली भूमिगत पेयजल पाइप लाइन में भारी भरकम लीकेज हो गया था। इसके बाद घर के अंदर से पाइप लाइन हटाकर दूसरे स्थान से निकाली गई थी। नई पाइप लाइन डालकर पांच दिन बाद पेयजल आपूर्ति चालू की गई थी। नई पाइप लाइन दो दिन भी दबाव नहीं झेल सकी और तीसरे दिन ही फट गई। इससे नई पाइप लाइन में लीकेज हो गया। मंगलवार से पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। नगर की 10 हजार की आबादी पुन: पेयजल संकट झेलते हुए इंडिया मार्का हैंडपंप पर लाइन लगाने को मजबूर हो गई। नगर पंचायत अध्यक्ष रामनरेश कुशवाहा ने बताया कि नई पाइप लाइन बिछाई तो गई थी लेकिन कई मोड़ दे दिए जाने से पानी के अधिक प्रेशर के चलते नई पाइप लाइन भी फट गई और लीकेज हो गया। अब गुरुवार को सफीपुर से मरम्मत करने वालों को बुलाया गया है। शुक्रवार से लोगों को सुचारु पानी मिलने लगेगा।