पुरवा-दूधीकगार मार्ग पर पाटन व धानीखेड़ा के बीच सड़क चौड़ीकरण में लगे श्रमिक। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जनवरी में राज्यमार्ग घोषित किए गए पुरवा-मिर्रीकला-भगवंतनगर-दूधीकगार मार्ग के निर्माण में अब तेजी आएगी। शासन ने इसके लिए 30 करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं। इससे पहले दो करोड़ रुपये मिले थे। इस मार्ग के निर्माण पर कुल 1.43 अरब रुपये खर्च आएगा। इसके बनने से जिले की पुरवा और बीघापुर तहसील की 50 लाख आबादी को सीधा लाभ होगा। लखनऊ और प्रयागराज हाईवे पहुंचना आसान होगा।
बजट जारी होने के साथ ही पीडब्ल्यूडी ने निर्माण एजेंसी के माध्यम से काम शुरू कराया है। इस मार्ग की कुल लंबाई 72 किमी है। इसमें 55.60 किमी हिस्सा उन्नाव जिले की सीमा में है। मार्ग का उच्चीकरण करने के साथ ही इसे डबल लेन किया जाएगा। इस पर एक अरब 43 करोड़ 32 लाख 88 हजार रुपये खर्च आएगा। राज्य मार्ग के बनने से जिला फतेहपुर, रायबरेली और लखनऊ का आवागमन आसान होगा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे, लखनऊ के बनी और मोहनलालगंज मार्ग से सीधा जुड़ जाएगा।
पुरवा-दूधीकगार राज्यमार्ग का सबसे अधिक लाभ पुरवा तहसील के लोगों को मिलेगा। लखनऊ की ओर से 40 किमी सड़क अभी तक सिंगल (3.5 मीटर) ही चौड़ी थी। इसके आगे का मार्ग फतेहपुर के गुनीर गांव तक डबल लेन है। लखनऊ की ओर से आने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
पीडब्ल्यूडी के एसई मन्नीलाल ने बताया कि पुरवा-दूधीकगार राज्यमार्ग का निर्माण डेढ़ साल में पूरा करना है। निर्माण व चौड़ीकरण शुरू करा दिया गया है। पुरवा-अचलगंज मार्ग पर काफी काम हो चुका है। कुछ जगह बिजली के पोल होने और आबादी क्षेत्र से होने से काम धीमी गति से चला है। इसमें तेजी लाई जा रही है।
पुरवा-अचलंगज मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने पांच करोड़ रुपये और जारी किए हैं। इससे पहले एक करोड़ रुपये मिलने पर काम शुरू कराया गया था। 24 किमी लंबे इस मार्ग की चौड़ाई तीन मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जा रही है। इस मार्ग के निर्माण पर 49 करोड़ 30 लाख 24 हजार रुपये खर्च आएगा। काम तेजी से पूरा कराने के लिए शासन ने पांच करोड़ रुपये और जारी किए हैं।
पुरवा-दूधीकगार मार्ग पर पाटन व धानीखेड़ा के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य करती जेसीबी। संवाद- फोटो : UNNAO