उन्नाव/सफीपुर। सदर कोतवाली में मोबाइल दुकान और सफीपुर में चोरों ने किसान के घर को निशाना बना नकदी, कीमती मोबाइल व जेवर समेत लगभग चार लाख का सामान पार कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी पर सभी सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है। मोबाइल शॉप में हुई चोरी का सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉयड टीम की मदद ली गई पर कोई सुराग नहीं लगा।
सदर कोतवाली के ललऊखेड़ा चौकी क्षेत्र के भवनीखेड़ा गांव निवासी अमित सिंह की गांव के चौराहा पर मोबाइल की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर कीमती मोबाइल व 18 हजार की नगदी समेत लगभग ढाई लाख का सामान पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी पर पुलिस ने फील्ड यूनिट टीम की मदद से जांच की। दुकान के पास से पीछे खेतों की ओर कुछ दूर जाकर डॉग स्क्वॉयड लौट आया। ललऊखेड़ा चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि पीड़ित ने पहले डेढ़ और फिर ढाई लाख की चोरी की बात कही है।
मोबाइल के बिल समेत तहरीर देने की बात कही गई पर शाम तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पीड़ित ने सोमवार को तहरीर देने की बात कही है। वहीं दूसरी ओर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरौली गांव निवासी किसान मंशाराम पुत्र नन्हा कुशवाहा अन्य परिजनों के साथ शनिवार को घर के बाहरी कमरे में सो रहा था। देर रात आंगन में लगी सीढ़ी से घर में दाखिल हुए चोरों ने पीछे की कोठरी का ताला तोड़कर बक्से में रखी एक लाख की नगदी और लगभग 50 हजार के जेवरात पार कर दिए। बताया कि कुछ दिन पहले उसने अनिल दीक्षित का आम की फसल एक लाख में खरीदी थी। शनिवार को एक लाख रुपये अनिल को देने गया था। उसके न मिलने पर रुपया घर में रखा था। कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने जल्द खुलासे की बात कही है।