बांगरमऊ। शादी समारोह में शामिल होने आया पांच साल का बच्चा गेस्ट हाउस के झूले से गिरकर घायल हो गया। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने गेस्ट हाउस प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी है।
हरदोई जिले के कासिमपुर क्षेत्र के औरामऊ निवासी श्रवण का पांच साल का बेटा ऋषभ पिता के साथ मंगलवार रात बुआ की ननद की शादी में शामिल होने बांगरमऊ के एक गेस्ट हाउस आया था। पिता और अन्य परिजन शादी में व्यस्त थे, तभी ऋषभ साथी बच्चों के साथ गेस्ट हाउस में लगे गोल झूले में अन्य बच्चों के साथ झूलने लगा, इसी दौरान झूलते समय वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया।
पिता उसे सीएचसी ले गए, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां लक्ष्मी सहित अन्य परिजन बेहाल हो गए। शादी की खुशियों के बीच चीख-पुकार मच गई। शादी की रस्में औपचारिकता में पूरी की गईं। पिता ने गेस्ट हाउस के मैनेजर पर लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।