गंजमुरादाबाद। एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार का टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी अयोध्या से दर्शन करके राजस्थान जा रहे थे।
राजस्थान प्रांत के जिला अलवर के आवास-विकास कालोनी के राजगढ़ निवासी राहुल गुप्ता (44), पत्नी पिंकी (40), बेटी भांगी (11), परी (14), तृप्ति (6), पिता महेशचंद्र गुप्ता (68), छोटा भाई अंशुल गुप्ता (35), उनकी बेटी अवनी (10) और कठपोतली जिले के थाना बानसुर के गांव हमीरपुर निवासी कैलाशचंद्र (44) पुत्र रामऔतार के साथ शनिवार को प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने कार से गए थे। कार जितेंद्र कुमार चला रहे थे। प्रयागराज में स्नान के बाद अयोध्या रामलला के दर्शन कर बुधवार भोर पहर तीन बजे निकले थे।
बुधवार सुबह आठ बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली के टोल प्लाजा के पास अचानक कार का अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में 10 लोग घायल हो गए। यूपीडा और पीआरवी ने सभी को सीएचसी पहुंचाया, गंभीर हालत में राहुल, अंशुल, पिंकी, और महेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से बाहर कराया गया, इस दौरान एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि अगला टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी।