मौरावां (उन्नाव)। रामनगर मोहल्ला में सोमवार की सुबह बेकाबू कार ने घर के बाहर खड़ी महिला व सड़क पार कर रही वृद्धा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने दोनों को मौरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार समेत चालक भाग निकला।
मौरावां कस्बे के रामनगर मोहल्ला निवासी शालू (25) पत्नी विधान सोमवार की सुबह अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार कार ने शालू को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पार कर रही रसूलपुर गांव निवासी सुदामा (64) पत्नी प्यारे लाल को चपेट में ले लिया। हादसे में शालू का सिर फट गया जबकि सुदामा का दाहिना पैर टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन दोनों घायलों को मौरावां सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन शालू को लेकर निजी अस्पताल चले गए। जबकि सुदामा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सुदामा की मौत हो गई। मृतक सुदामा का बड़ा बेटा रामसजीवन मुंबई में मजदूरी करता है। छोटा बेटा दीपांशु मूक बधिर है। उधर, थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह का कहना है कि अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।