गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात 12 बजे तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कन्नौज के रहने वाले चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल है। इसी दौरान पीछे से आ रही एक और कार दुर्घटनाग्रस्त कार से टकरा गई। इससे कार सवार युवक घायल हो गया। हादसा झपकी आने से हुआ।
कन्नौज की सदर कोतवाली क्षेत्र के पट्टी पेंदाबाद निवासी डॉ. आनंद कुमार (30) पुत्र सुखवासी क्षेत्र में क्लीनिक चलाते थे। शुक्रवार देर शाम आनंद परिजनों को छोड़ने लखनऊ एयरपोर्ट गए थे। उनके साथ कन्नौज के आलमगीरगंज निवासी संतराम दिवाकर (35) भी थे। रात करीब 12 बजे लखनऊ से लौटते समय लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के रघुरामपुर गांव के पास कार चला रहे डॉ. आनंद को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
घटना में डॉ. आनंद और संतराम घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार भी आनंद की क्षतिग्रस्त कार में टकरा गई। कार सवार हापुड़ जिले के थाना बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चोपला शाहपुर जट निवासी अभिषेक चौधरी (36) घायल हो गए। पीआरवी तीनों को बांगरमऊ सीएचसी लाई। डॉक्टर आनंद को मृत घोषित कर दिया। हादसे से एक घंटे तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। चचेरे भाई सिद्धार्थ अहिरवार के मुताबिक, आनंद के तीन बच्चों में दो बेटे और एक बेटी है। वह दो भाइयों में छोटा था। बांगरमऊ कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी।