दो दिन भीषण कोहरे के कारण सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ गया है। गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते उन्नाव से मौरावां जा रही लोहिया बस मौरावां थानाक्षेत्र के बसहा तिराहे के निकट सामने से आ रहे ट्रक में भिड़ गई। बस में सवार मौरावां के भवानी नगर निवासी चंद्रिका प्रसाद (40) पुत्र ललऊनू व उनका बेटा शिवम (16) के अलावा आशीष (22) व सुमेर (18) सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां चंद्रिका प्रसाद व शिवम की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेजा गया। घायल चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि वह शहर के मोहल्ल्ला रेलवे लाइन में रहने वाले साढ़ू शिवशंकर के यहां वैवाहिक समारोह में बेटे के साथ आए थे। यहीं से वापस मौरावां जा रहे थे। कोहरा अधिक होने के कारण मौरावां के बसहा तिराहे के निकट चालक सामने से आ रहा ट्रक देख नहीं पाया। बस की रफ्तार तेज न होने से बस में बाएं तरफ बैठे लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद दोनो गाड़ियों के चालक-परिचालक भाग निकले। घटना के समय बस में लगभग 35 यात्री बैठे थे। चंद्रिका ने बताया कि जिस जगह दोनो गाड़ियां भिड़ी उसके बगल में खंती थी। दोनों में किसी भी वाहन की रफ्तार तेज होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजने के बाद वाहनों को हटवाया। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा।
बाइकों की भिड़ंत में दंपति घायल
अचलगंज थानाक्षेत्र के बड़ौरा गांव के निकट बाइकों में भिड़ंत हो गई। इसमें दंपति घायल हो गए। घायलों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बाइक सवार युवक हेलमेट पहने था। इसलिए वह बाल-बाल बच गया। थानाक्षेत्र के गांव नथईखेड़ा निवासी सोनू पत्नी सुषमा(23) व डेढ़ माह की बच्ची निताक्षी के साथ बाइक से रायबरेली ससुराल गया था। शुक्रवार सुबह वापस गांव आ रहा था। बड़ौरा गांव के निकट पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें पत्नी सुषमा व बच्ची निताक्षी घायल हो गई। जबकि सोनू को मामूली चोटें आईं। तीनों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।