बुधवार को नगर पालिका परिषद में सुबह 11 बजे बोर्ड बैठक आयोजित की गई थी। बोर्ड बैठक के दिन पालिका ईओ के समय से न पहुंचने पर पहले से ही नाराज चल रहे सभासद विरोध के मूड में आ गए। सभासद पालिका सभागार से बाहर निकले और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सभासदों ने आरोप लगाया कि पालिका चेयरमैन रामचंद्र गुप्ता व अधिशाषी अधिकारी उमेश मिश्रा ने मिलकर पालिका क्षेत्र में हुए विकास कार्यों में जमकर घालमेल किया है। कहा कि शहर के नालों की सफाई में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। सभासदों ने स्टेशन रोड के बिना टेंडर निकाले ही कराए जा रहे निर्माण कार्य, छोटे कार्यों के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये का घालमेल, टेंडर निकलने के बाद इनमें नियमानुसार विशेष परिस्थिति में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी किए जाने के बजाए इसमें 70 प्रतिशत तक बढ़ाकर भुगतान किए जाने, ईओ के पास दो नगर पालिकाओं व एक नगर पंचायत का चार्ज होने के चलते पर्याप्त समय न देने के अलावा कई अन्य आरोप भी लगाए। मामले की जानकारी होने पर ईओ उमेश मिश्रा सभासदों को मनाने पहुंचे। उन्होंने सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को उन्नाव पालिका में बैठने का आश्वासन दिया। विरोध प्रदर्शन करने वाले सभासदों में गुल्लू खान, करिमुल्ला, राजेश कुमार, आफाक अहमद, मो. आरिफ, इलियास खान, इस्माइल खान (मनोनीत सभासद), गोलू चंदेल (मनोनीत सभासद), जागेश्वर भारती, सुनील अवस्थी, दिनेश कुशवाहा, आशीष विमल, शर्मिला सिंह, नन्हक्की, मीनू देवी, ठाकुरा आदि सभासद मौजूद रहे।
इनसेट.......
कार्रवाई रजिस्टर गायब, बैठक स्थगित
सभासदों के कार्रवाई रजिस्टर को उनके सामने न लाए जाने की बात पर भी बवाल बढ़ने लगा। पहले तो कार्रवाई रजिस्टर ही नहीं मिला फिर ईओ ने कार्रवाई रजिस्टर सभासदों के सामने रखा लेकिन इसके बाद रजिस्टर अचानक गायब हो गया। लोगों ने रजिस्टर के चोरी होने की बात कही। इस पर सभासदों का हंगामा और बढ़ गया। मामले की जानकारी मिलने पर सदर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक बने रहे अफरा-तफरी के माहौल के बाद अचानक रजिस्टर फिर सामने आया लेकिन इसके बाद बोर्ड बैठक को स्थगित करना पड़ा। सभासदों ने इसके पीछे भी अधिकारियों की चाल होने का आरोप लगाया। चर्चा रही कि रजिस्टर साथ ले जाने वाले ने जब सबके सामने माफी मांगी तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
इनसेट.......
पालिका के अधिकतर सभासद विकासकार्यों को उनके माध्यम से करवाए जाने का दबाव बनाते हैं। उनका दबाव नहीं माना गया और साफ-सुथरे तरीके से क्षेत्र के निर्माण कार्यों को करवाया जा रहा है इस कारण से सभासद हंगामा कर रहे हैं। सभी को कमीशन की चाह है तो उन्हें नहीं मिल रहा है इसलिए बोर्ड बैठक को भी नहीं होने दिया गया।
उमेश कुमार मिश्रा,
ईओ, नगर पालिका-उन्नाव।
........................