गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। टूटी बैरीकेडिंग दुरुस्त न किए जाने से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर विचरण कर रहे मवेशियों से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए। दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हैबतपुर, खंभौली और रामपुर गांव के पास लोहे की बैरिकेडिंग कई महीनों से टूटी पड़ी है। बैरिकेडिंग दुरुस्त न कराए जाने से अक्सर एक्सप्रेसवे पर मवेशियों का विचरण रहता है। रविवार भोर पहर कन्नौज के थाना तिर्वा के ग्राम हुसैननगर निवासी दो सगे भाई तौकीर (26) व हसीब (23) पुत्र जाकिर हुसैन अपनी बीमार मां को देखने बाइक से लखनऊ जा रहे थे। अचानक एक्सप्रेस पर रूरी सादिकपुर गांव के सामने मवेशियों का झुंड आ गया। कोहरे के कारण बाइक चला रहा तौकीर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक मवेशी से टकराकर डिवाइडर से भिड़ने के बाद पलट गई। हेलमेट लगा न होने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया। रविवार को तौकीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि कन्नौज के तिर्वा में तौकरी व हसीब की इलेक्ट्रानिक दुकान है। तौकीर की मौत सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।