उन्नाव। सिंचाई और छुट्टा मवेशियों की समस्या सहित अन्य समस्याओं को लेकर भाकियू ने कलक्ट्रेट गेट के पास धरना शुरू किया है। प्रदेश महासचिव ने बताया कि जब तक प्रशासन समस्याओं के निराकरण का वादा नहीं करता, धरना जारी रहेगा।
भाकियू (टिकैत) की प्रदेश महासचिव किरन सिंह ने बताया कि नहरों में पानी की समस्या है। रोस्टर के अनुसार पानी न आने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। दूसरी तरफ किसान छुट्टा मवेशियों से परेशान हैं। ठंड में भी किसान फसलों की रखवाली के लिए रातभर खेतों में रहने को मजबूर हैं। पुरवा तहसील के कसरौर व आसपास के गांवों में सांड़ कई किसानों को घायल कर चुका है।
छुट्टा मवेशियों को गोशालाओं में पहुंचाने के आदेश हवा में हैं। मंडल अध्यक्ष गुड्डी रावत ने बताया कि कई थानों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक उच्चाधिकारी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन नहीं देते विरोध-प्रदशन जारी रहेगा। धरना पर बैठे लोगों में रोली, पूनम, प्रेमपाल, गंगे, रमेश, रामऔतार, शांति, जगदीश आदि शामिल रहे।