जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन के लिए निराला पार्क के पास लगाई गई बैरीकेडिंग।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन शुरू होगा। जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों को कलक्ट्रेट के सिटी मजिस्ट्रेट समेत चार न्यायालय कक्ष व अन्य पदों के उम्मीदवारों को संबंधित ब्लॉकों में नामांकन कराना होगा। कलक्ट्रेट मुख्य गेट, जिला पंचायत कार्यालय के आगे और निराला पार्क के पास बल्लियों की बैरीकेडिंग कराई गई है।
ब्लॉक में दो सौ मीटर दूरी से बैरीकेडिंग कराकर समर्थकों को रोकने की व्यवस्था की गई है। नामांकन में किसी तरह की समस्या से बचने के लिए संबंधित जरूरी दस्तावेज लेकर जाएं।
मंगलवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन होंगे। 14 अप्रैल को अवकाश रहेगा। फिर 15 अप्रैल को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पर्चे दाखिल हो सकेंगे। फतेहपुर चौरासी में छह टेबल क्षेत्र पंचायत और नौ टेबल ग्राम पंचायत की बनाई है। बीघापुर के नए सभागार में 12, पुराने सभागार में तीन प्रधान व पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन काउंटर बनेंगे। एसडीएम दयाशंकर पाठक ने अधिकारियों के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचकर नामांकन की तैयारियों का जायजा लिया।
गंजमुरादाबाद में ग्राम प्रधान और सदस्य के लिए आठ व छह क्षेत्र पंचायत सदस्य के काउंटर हैं। हिलौली में आठ टेबल प्रधान व सात टेबल बीडीसी के लगाए जा रही हैं। बांगरमऊ में प्रधान के लिए आठ काउंटर पर प्रत्येक पर एआरओ व एक आरओ को नियुक्त किया है। प्रत्येक काउंटर पर दो लाइनें लगाई जाएंगी। क्षेत्र पंचायत व सदस्य पद के छह काउंटर लगाए जाएंगे।
असोहा में पंचायत चुनाव नामांकन के लिए 11 टेबल प्रधान व सदस्य के लिए और छह टेबल क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए निर्धारित की गई हैं। पुरवा में 15 टेबल लगेंगी। इसमें 10 ग्राम प्रधान व सदस्य सहित पांच टेबल क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए लगेंगी। सभी टेबलों पर एक-एक एआरओ लगेंगे।
कर्ण में 14 प्रधान न्याय पंचायतवार व छह बीडीसी के काउंटर बनाए गए हैं। नवाबगंज में न्याय पंचायतवार 10 काउंटर व क्षेत्र पंचायत की 90 सीटों के लिए सात काउंटर लगाए गए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर कोविड हेल्प डेस्क लगाई गई है। नामांकन कराने आने वालों की थर्मल स्क्रैनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा।