सगवर गांव के बाबा झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में कविता पाठ करती कवियत्री गौरी मिश्रा।
- फोटो : UNNAO
बारासगवर। गांव सगवर स्थित बाबा झारखंडेश्वर शिव मंदिर में 20वां महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया गया। सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना, श्रृंगार, रुद्राभिषेक व हवन हुआ। दोपहर बाद जादूगर हरिशंकर ने जादू के खेल व कानपुर से आए कलाकारों ने कठपुतलियों के नृत्य से मनोरंजन किया। कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाएं सुनाकर जोश भरा। बाल कवि सुधांशु सिंह ने आंगन बचे न घरों के संसार में, तुलसी बिकने लगी है बाजार में, रचना पढ़ी।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ नैनीताल की कवयित्री गौरी मिश्रा ने सरस्वती वंदना से की। जनपद के कवि नारेंद्र आनंद की रचना बहारे मौसम बन बाग सब वहीं है, बस आदमी ही केवल अब आदमी नहीं है रचना सुनाई।
कवि कमलेश शुक्ल कमल की रचना शबरी की कुटिया में प्रात: कागा बोल गया, ऐसा लगा कि मानों मन में मिश्री घोल गया, आएंगे श्रीराम सोच रोमांचित तन सारा था, अंतर्मन में खुशियों के पट कोई खोल गया, सराही गई। लखनऊ की सुमन दुबे ने उस पार चलते हैं जहां रोया नहीं जाता, जो कुछ भी मिलता है उसे खोया नहीं जाता पर तालियां बटोरीं। रायबरेली के मधुप श्रीवास्तव व प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी ने हास्य रचनाएं सुनाईं।
रामेश्वर प्रलयंकर अमेठी व कुंवर जावेद कोटा राजस्थान की रचनाओं को भी लोगों की सराहना मिली। संचालन रामकिशोर तिवारी ने किया। आयोजकों ने पूर्व प्रधानाचार्य बीडी सिंह को सम्मानित किया। अध्यक्ष वासुदेव त्रिवेदी ने लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अशोक पांडेय, ओम प्रकाश त्रिवेदी, अंकित परिहार, संजय सिंह, सूरज शुक्ला मौजूद रहे।
सगवर गांव के बाबा झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में कवि सम्मेलन सुनते श्रोता।- फोटो : UNNAO