नवाबगंज(उन्नाव)। नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और महामंत्री के निलंबन को लेकर ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सफाई कर्मिंयो का आरोप है कि ईओ ने बिना कारण बताए दोनों को निलंबित किया है। प्रदर्शन के कारण सभी सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया जिससे कस्बे के मोहल्लों की सफाई नहीं हो सकी।
नगर पंचायत में 14 संविदाकर्मी, 6 स्थायी व 27आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों को मिलाकर कुल 47 सफाई कर्मी तैनात हैं। जिनके जिम्मे नगर के दस वार्डो की सफाई व्यवस्था है। नगर में सफाई व्यवस्था धवस्त होने से ईओ ने सफाई नायक से रिपोर्ट मांगी थी जिस पर लापरवाही मिलने पर सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामदीन व महामंत्री रज्जनलाल को निलंबित कर दिया गया। इससे नाराज सभी सफाई कर्मियों ने बुधवार को नपं कार्यालय के बाहर काम पर न जाकर ईओ अनिल कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। मामले में अध्यक्ष रामदीन व महामंत्री रज्जनलाल ने बताया कि उन्हें गलत तरीके से निलंबित किया गया। जिसके चलते सभी सफाई कर्मी प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद सभी सफाई कर्मियों ने ईओ को अल्टीमेटम नोटिस भी दिया। मांग की गई कि दोनों कर्मियों का निलंबन व नोटिस को वापस लिया जाए। साथ ही 11 माह से आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों के लंबित पड़े भुगतान व एरियर का भुगतान किया जाए। बहिष्कार दिवस तक का वेतन न काटे जाने की मांग भी गई। सफाई कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि उपस्थित पंजिका में जबरन हाजिरी लगाई जाती है।
ईओ नगर पंचायत नवाबगंज अनिल कुमार ने बताया कि नगर पंचायत स्वच्छ भारत मिशन को लेकर सरकार का सफाई व्यवस्था पर जोर है। लेकिन सभी सफाई कर्मी मनमाने तरीके से काम करते हैं। 2 शिफ्टों में सुबह 6 से 10 व शाम को 2 से 6 तक काम करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी इस आदेश को न मानकर मनमानी करने पर उतारू हैं। बोर्ड की बैठक में भी प्रस्ताव को पास किया जा चुका है। ईओ ने बताया कि वार्ड नं 4 व 5 के लोगों ने संविदाकर्मियों के विरुद्ध सफाई न करने की शिकायत की है। जिसकी एक टीम बनाकर जांच की गई थी। जांच में सफाई न होने की शिकायत सही पाई गई थी।