सफीपुर। आसीवन के एक गांव निवासी युवती से मिलने पहुंचे युवक को युवती के परिजनों ने पीट दिया। इससे आहत युवती ने कीटनाशक निगल लिया। हालत बिगड़ने पर युवती को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है। युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का 24 वर्षीय युवक लखनऊ के आलमबाग में रहकर बस चलवाता है। आलमबाग नहर के पास ही किराये पर रहकर आसीवन थानाक्षेत्र के एक गांव की युवती (18) पढ़ाई करती है। वहीं पर दोनों में जान-पहचान हुई और दोस्ती हो गई। छुट्टियां होने पर युवती कई दिन पहले अपने घर आई थी। शुक्रवार को युवक उससे मिलने घर आया और उससे साथ चलने की जिद करने लगा।
युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो युवक को पकड़ कर पिटाई कर दी। शोर शराबा और आस पड़ोस में शुरू हुई तरह-तरह की चर्चा से आहत युवती ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। युवती के परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को सीएचसी में भर्ती कराया गया। युवक को थाने लाया गया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। युवक के परिजनों को भी बुलाया गया है।