उद्योगों और निर्यात को बढ़ावा देंगे
अखिलेश यादव ने कहा कि इंटर पास छात्रों की आईटी ट्रेनिंग कराकर 22 लाख लोगों को इस क्षेत्र में रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि उन्नाव में कारखाने काफी संख्या में हैं। इनमें तमाम निर्यात भी करते हैं। सपा की सरकार बनने पर उद्यमियों की मदद कर उद्योगों और निर्यात को भी बढ़ावा देंगे।
प्रत्याशी के बहाने ली चुटकी
चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो सदन चलाते थे पार्टी ने उनका ही टिकट काट दिया। इशारों ही इशारों में उन्होंने भगवंतनगर के विधायक व विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित के समर्थकों के मन की टीस को टटोलने की कोशिश भी की।
पुराना किला फतह करने की कोशिश
कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ रहे उन्नाव में इस बार किला फतह करने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूरी ताकत लगा दी है। विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए वह पांच दिन में तीसरी बार उन्नाव पहुंचे। 2007 में जब प्रदेश में बसपा के पक्ष लहर बनी थी तब भी यहां सपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2012 के चुनाव में भी सपा ने जीत का परचम लहराया था। यहां छह में पांच सीटों पर सपा को जीत हासिल हुई थी। हालांकि 2017 के चुनाव में भाजपा की लहर चली तो जिले से सपा का सूपड़ा ही साफ हो गया था। पांच सीटों पर भाजपा ने भगवा फहराया और एक सीट पर बसपा की जीत हुई थी। ऐेसे में इस बार अखिलेश पुराना गढ़ जीतने के लिए पूरा जोर लगाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा करने आए। इससे पहले 15 फरवरी को पुरवा और 18 को मोहान विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने जनसभा की थी।